Sonbhadra News : बघाडू के मुख्य चौराहे पर महीनों से खराब हाईमास्ट लाइट, अंधेरे में डूबा लंगड़ी मोड़
लेकिन कई महीनों से लाइट खराब होने के कारण इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। रात होते ही चौराहे पर अंधेरा छा जाता है।

sonbhadra
6:36 PM, November 9, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र)। दुद्धी विकासखंड के बघाडू गांव स्थित लंगड़ी मोड़ मुख्य चौराहे पर लगा हाईमास्ट लाइट पिछले कई महीनों से खराब पड़ा हुआ है। गांव के प्रमुख चौराहे पर रोशनी की व्यवस्था ठप होने के कारण शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है। इससे स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और चौराहे से आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, लंगड़ी मोड़ बघाडू गांव का प्रमुख और व्यस्त चौराहा है। यहां से आसपास के गांवों के लोगों का भी लगातार आवागमन होता है। चौराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाए जाने का उद्देश्य रात के समय पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराना था, लेकिन कई महीनों से लाइट खराब होने के कारण इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। रात होते ही चौराहे पर अंधेरा छा जाता है।
ग्रामीणों सुर्या, बीगन गुप्ता, मुकेश, सुनील का कहना है कि हाईमास्ट लाइट को ठीक कराने के लिए ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारियों से कई बार मांग की जा चुकी है। लोगों को उम्मीद थी कि दीपावली से पहले या त्योहार के बाद इसकी मरम्मत करा दी जाएगी, लेकिन दीपावली बीत जाने के बाद भी आज तक हाईमास्ट लाइट ठीक नहीं हो सकी। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य चौराहे पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात में पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों और दुकानदारों को परेशानी होती है। अंधेरे के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। वहीं, शाम के समय चौराहे पर आने-जाने वाले लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
अब सवाल यह है कि जब प्रशासन को इसकी उपयोगिता समझ में नहीं आ रहा है तो आखिर लगाया क्यों ? ऐसे में ग्रामीणों की मांग है कि इसे जल्द से जल्द ठीक किया जाए।




