Sonbhadra news : हेरोइन तस्करी के नेटवर्क का खुलासा, बाराबंकी से कथित फाइनेंसर गिरफ्तार
हेरोइन तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में सोनभद्र पुलिस को सफलता मिली है।

sonbhadra
3:55 PM, October 29, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
◆ पुलिस की जांच में सामने आई आर्थिक मदद की भूमिका, 1.204 किलो हेरोइन बरामदगी के मामले में था वांछित
सोनभद्र। हेरोइन तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में सोनभद्र पुलिस को सफलता मिली है। थाना चोपन में दर्ज तस्करी के मुकदमे में वांछित मोहम्मद वकील को पुलिस टीम ने बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान आरोपी की भूमिका कथित तौर पर तस्करी नेटवर्क को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और हेरोइन की आपूर्ति में सहयोग करने वाले व्यक्ति के रूप में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को चोपन पुलिस और एसओजी टीम ने वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान 1 किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना में लखनऊ और बाराबंकी समेत विभिन्न स्थानों से हेरोइन की थोक आपूर्ति कर जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई। इसी क्रम में बाराबंकी निवासी मोहम्मद वकील की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने 28 अक्टूबर को बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम टिकरा मुर्तजा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अन्य मामला भी दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टाक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सरोज और हेड कांस्टेबल राजेश यादव शामिल रहे।




