Sonbhadra News : दिवंगत बसपा नेता उमाशंकर सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
बिल्ली मारकुंडी ग्राम सभा के खैरटिया टोला में दिवंगत बसपा नेता एवं पूर्व विधायक उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।

sonbhadra
8:33 PM, August 9, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । तहसील क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी ग्राम सभा के खैरटिया टोला में दिवंगत बसपा नेता एवं पूर्व विधायक उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। बसपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा में वक्ताओं ने उमाशंकर सिंह के संघर्ष, जनसेवा, पार्टी के प्रति निष्ठा और सामाजिक योगदान को याद किया। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश कुमार ने कहा कि उमाशंकर सिंह गरीबों, जरूरतमंदों और बेटियों के हितैषी थे। उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
बसपा के पूर्व जिला महासचिव संजय कनौजिया ने कहा कि उमाशंकर सिंह ने बहुजन समाज के साथ सर्वसमाज के हित में भी महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने बताया कि ट्रॉमा सेंटर के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने में भी उमाशंकर सिंह ने अपनी जमीन देकर महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। इस दौरान उनके विचारों और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
श्रद्धांजलि सभा में डॉ. अरुण प्रजापति, अंकुश राव, एडवोकेट लालचंद, विनोद कुमार, राजेंद्र भारती, संदीप कुमार, प्रकाश, धीरज, रामधनी और संतोष समेत बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।




