Sonbhadra News : स्वास्थ्य कर्मी ने सोशल मीडिया पर डिप्टी सीएम के खिलाफ की अभद्र टिप्पणी, सीएमओ ने दिये जांच के आदेश
मध्य प्रदेश में एक शिक्षक द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री करने के मामले में शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। अब यूपी में स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है

sonbhadra
2:03 PM, March 18, 2026
आनंद चौबे (संवाददाता)
० स्वास्थ्य कर्मी बोला- अपना मोबाइल बनने के लिए दिया था
सोनभद्र। मध्य प्रदेश में एक शिक्षक द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री करने के मामले में शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। अब यूपी में स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है । जिसमें स्वास्थ्यकर्मी डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक पर अभद्र टिप्पणी किया है।
दरअसल यह मामला सोनभद्र का है। जहां सीएमओ विभाग में तैनात फार्मासिस्ट मनोज राठौर द्वारा डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक पर अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणी किया गया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फार्मासिस्ट मनोज राठौर की टिप्पणी वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामला सज्ञान में आने के बाद सीएमओ ने जांच के आदेश दे दिये हैं और कार्यवाही की बात कह रहे हैं। सीएमओ डॉ0 पंकज कुमार राय ने कहा कि "आज सुबह ही यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जाँच के लिए एसीएमओ डॉ0 प्रेमनाथ को नामित किया गया है।उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फार्मासिस्ट की यह टिप्पणी गंभीर नहीं, बल्कि अति गंभीर श्रेणी में आती है, यदि मामला सही पाया जाता है तो कार्यवाही भी उसी स्तर की होगी।"
वहीं फार्मासिस्ट मनोज राठौर का कहना है कि "उन्होंने अपना मोबाइल बनने के लिए दिया था और उनके द्वारा ऐसी कोई भी टिप्पणी नहीं की गई है।"
कुल मिलाकर फार्मासिस्ट द्वारा यह कहना कि उसने अपना मोबाइल रिपेयरिंग के लिए दिया था, ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या दुकानदार ने फार्मासिस्ट के एकाउंट से अभद्र टिप्पणी की है? यदि ऐसा है तो फार्मासिस्ट ने तत्काल पुलिस को सूचित क्यों नहीं किया।
बहरहाल पूरे मामले में हकीकत क्या है यह तो जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।



