Sonbhadra News : स्वास्थ्य सेवाएं ‘कैद’! सपा नेता का जंजीरबंद प्रदर्शन, एडीएम के पैर पकड़ लगाई सुधार की गुहार
मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ शुक्रवार को ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सिस्टम की संवेदनहीनता को खुलकर उजागर कर दिया। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव प्रमोद यादव....

बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन करते सपाई.....
sonbhadra
1:50 PM, April 16, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ शुक्रवार को ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सिस्टम की संवेदनहीनता को खुलकर उजागर कर दिया। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव प्रमोद यादव ने खुद को जंजीरों में जकड़कर विरोध प्रदर्शन किया और ‘बंदी बनी स्वास्थ्य व्यवस्था’ का प्रतीकात्मक चित्र पेश किया। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अधिकारियों तक अपनी पीड़ा पहुंचाने के लिए एडीएम के पैर तक पकड़ लिए।
‘बंदी’ स्वास्थ्य व्यवस्था का प्रतीक बना प्रदर्शन -
जिला सचिव प्रमोद यादव का कहना था कि मेडिकल कॉलेज में बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। महीनों से अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्सरे मशीन बंद पड़ी हैं, जबकि बर्न यूनिट महज शोपीस बनकर रह गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीने के पानी की व्यवस्था तक नहीं है। लिफ्ट बंद पड़े हैं jisase गर्भवती महिलाओं को पानी के लिए तीन मंजिला इमारत से सीढ़ियों के सहारे नीचे उतरना पड़ता है जो किसी भी स्थिति में मानवीय नहीं कहा जा सकता।
सिर्फ नारे में दिख रहा 'नारी सम्मान', जमीनी हकीकत में संघर्ष -
उन्होंने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ नारी शक्ति वंदन अभियान के जरिए महिलाओं के सम्मान की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पतालों में महिलाएं मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही हैं।
जब नहीं सुनी गई बात, तो ‘पैर पकड़’ अपनाया रास्ता -
बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से नाराज प्रमोद यादव ने इस बार विरोध का अलग तरीका अपनाया। ज्ञापन सौंपते समय उन्होंने एडीएम के पैर पकड़कर स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने की भावुक अपील की।
जनता की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने मूंदी आंख -
उन्होंने कहा कि "जनता की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने आंखें मूंद ली हैं तो अधिकारी भी सोए हुए हैं। अगर जनता के लिए पैर पकड़ना पड़े, तो हम पीछे नहीं हटेंगे। जरूरत पड़ी तो सड़क पर संघर्ष और तेज होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार वे जनहित के मुद्दों पर किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
सपा का अल्टीमेटम, अब होगा बड़ा आंदोलन -
नगर अध्यक्ष पारब्रह्म सिंह ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि "अब समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। यदि व्यवस्था नहीं सुधरी, तो अधिकारी एसी कमरों में आराम नहीं कर पाएंगे। हम गांधीवादी तरीके से इनकी नींद हराम कर देंगे।"
ये रहे मौजूद -
प्रदर्शन में सुरेश अग्रहरि, मनीष खटीक, शौर्य त्रिपाठी, शिव कुमार यादव, आलोक यादव, विकास यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



