Sonbhadra News : स्वास्थ्य विभाग छलका दर्द, जर्जर भवन में रहने को मजबूर स्वास्थ्य कर्मियों का परिवार
हैरान करने वाली बात यह है कि स्वास्थ्यकर्मियों के आवास के ठीक सामने ही सीएमओ कार्यालय है जहाँ सीएमओ बैठते हैं लेकिन आज तक शायद उनका इस ओर ध्यान नहीं गया।

sonbhadra
3:41 PM, October 7, 2026
- दूसरों का इलाज करने वाले खुद दर्द से परेशान
- कभी भी हो सकती है बड़ी अनहोनी
- बिल्डिंग का जगह जगह निकल गया सरिया
- सीएमओ कार्यालय के ठीक सामने है स्वास्थ्य कर्मियों का आवास
- अधिकारियों की अनदेखी पड़ सकती है भारी
शांतनु कुमार
सोनभद्र । स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भले ही दूसरों के दर्द का इलाज करते हैं मगर वे अपना दर्द न किसी को बता पा रहे और न दिखा पा रहे। जर्जर हो चुके बिल्डिंग में कर्मचारी अपने परिवार के साथ डर के साये में रहने को मजबूर हैं।
तस्वीरों में भी आप देख सकते हैं कि किस तरह पूरी बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है और बिल्डिंग में सरिया तक निकल चुका है। पुरानी हो चुकी यह बिल्डिंग कर्मचारियों के रहने के लिए ही बनाया गया था लेकिन लम्बे समय से मरम्मत का कार्य न होने की वजह से यह बिल्डिंग जर्जर अवस्था में पहुँच गया।
हैरान करने वाली बात यह है कि स्वास्थ्यकर्मियों के आवास के ठीक सामने ही सीएमओ कार्यालय है जहाँ सीएमओ बैठते हैं लेकिन आज तक शायद उनका इस ओर ध्यान नहीं गया। सीएमओ कार्यालय को हाईटेक बनाने के लिए कई बार काम कराये गए लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों के जर्जर हो चुके बिल्डिंग का आज तक कोई सुधि नहीं लिया।
जिस तरह से बिल्डिंग के सरिया बाहर निकल गए हैं और जगह जगह टूट फूट हो गया है, ऐसे में यदि कोई घटना घट गयी तो आखिर इसका जिम्मेदार कौन होगा। गंदगी से पटे और झाड़ी-झंखाड़ के बीच स्थित स्वास्थ्य कर्मियों के इस बिल्डिंग की तरफ किसी का ध्यान क्यों नहीं है इस पर कोई भी स्वास्थ्य कर्मी बोलने को तैयार नहीं, लेकिन जिस तरह से यह पूरी बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है, उस पर यदि समय रहते सज्ञान नहीं लिया गया तो कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।




