कार्यक्रम में उपस्थित महिला चिकित्साधिकारी डॉ0 संगीता त्रिपाठी ने बताया कि मासिक धर्म योनि से होने वाला रक्तस्राव है जो महीने में एक बार होता है। यह मासिक धर्म चक्र का एक सामान्य प्रक्रिया है। मासिक धर्म आमतौर पर 21 से 35 दिनों के अन्तराल पर आता है। ज्यादातर किशोरियों में मासिक धर्म में 3 से 7 दिनों तक रक्तस्राव होता है, यह हल्का या भारी हो सकता है इसका रंग चमकीले लाल से हल्के भूरे रंग का हो सकता है। आमतौर पर रक्त का प्रवाह प्रारम्भ में तेज होता है और फिर धीरे-धीरे हल्का हो जाता है। इसमें छोटे-छोटे रक्त के थक्के भी दिख सकते हैं। कुछ किशोरियों में मासिक धर्म से पहले और मासिक धर्म के दौरान कुछ लक्षण दिखाई देते हैं जैसे-पेट में सूजन या वजन बढ़ना, कब्ज या दस्त सिर दर्ज, स्तन सूजन और दर्ज, मुहासा थकान, मन में बदलाव व और चिड़चिड़ापन इत्यादि लक्षण दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी की आयु 16 वर्ष या उससे अधिक होने पर भी मासिक धर्म शुरू न हुआ हो, रक्तस्राव 8 दिनों से अधिक समय तक रहता है, मासिक धर्म के बीच का अन्तराल 3 सप्ताह से कम या 2 महिने से अधीक हो, मासिक धर्म के दौरान बहुत ज्यादा दर्द हो, मासिक धर्म 6 महिने से अधिक समय से बन्द हो इसका कारण न पता हो तो स्त्रीरोग विशेषज्ञ से अवश्य परामर्श लेना चाहिए।