Sonbhadra News : नमो घाट पर गार्डों ने की सोनभद्र के युवकों की बर्बर पिटाई, 17 वर्षीय किशोर की मौत, चार साथी घायल
वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पर रविवार तड़के सोनभद्र से घूमने गए युवकों के साथ कथित तौर पर सिक्योरिटी गार्डों द्वारा की गई बेरहमी से मारपीट में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके चार साथी गंभीर...

sonbhadra
12:07 AM, May 25, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• पांचों दोस्त घूमने गए थे वाराणसी, गार्डों पर डंडे-रॉड और बेल्ट से पीटने का आरोप, हिरासत में लिए गए चार गार्ड
वाराणसी/सोनभद्र । वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पर रविवार तड़के सोनभद्र से घूमने गए युवकों के साथ कथित तौर पर सिक्योरिटी गार्डों द्वारा की गई बेरहमी से मारपीट में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घाट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में चार सिक्योरिटी गार्डों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद मृतक के गांव खलियारी में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान राजेश उर्फ चिंटू पुत्र झुन्नू जायसवाल निवासी खलियारी गांव थाना रायपुर जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिजनों के मुताबिक बड़े भाई का नाम अंकित जायसवाल और छोटे भाई का नाम मिंटू है।
जानकारी के अनुसार राजेश अपने साथियों शिवजी, बृजेश, अंगद और रोहित के साथ शनिवार रात करीब आठ बजे गांव से वाराणसी घूमने निकला था। सभी युवक रात लगभग तीन बजे नमो घाट पहुंचे। आरोप है कि गेट नंबर-1 पर मौजूद सिक्योरिटी गार्डों ने घाट बंद होने की बात कहते हुए उन्हें रोक दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
घायलों और परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर युवक वापस लौटने लगे, तभी करीब 10 से 12 गार्डों ने उन्हें घेर लिया और डंडे, लोहे की रॉड व बेल्ट से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। करीब दस मिनट तक चली मारपीट में राजेश उर्फ चिंटू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि उसके साथी भी लहूलुहान हो गए।
सूचना मिलने पर विमल मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया।
मामले में एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना में शामिल चार सिक्योरिटी गार्डों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच में जुटी हुई है।




