Sonbhadra News : सोनांचल कप 2026 का भव्य आगाज, उद्घाटन मुकाबले में टू ब्रदर्स वोट्रेक्स ने चोपन को 24 रनों से दी पटखनी
22 फरवरी ओबरा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में खेल प्रेमियों का लंबा इंतजार आज समाप्त हुआ। सोनांचल कप के 23वें संस्करण का भव्य शुभारंभ नगाड़ों की गूँज और खिलाड़ियों के जबरदस्त उत्साह के बीच हुआ।

sonbhadra
6:57 PM, February 22, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । 22 फरवरी ओबरा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में खेल प्रेमियों का लंबा इंतजार आज समाप्त हुआ। सोनांचल कप के 23वें संस्करण का भव्य शुभारंभ नगाड़ों की गूँज और खिलाड़ियों के जबरदस्त उत्साह के बीच हुआ। नाइन स्टार क्रिकेट क्लब ओबरा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का प्रारंभ नाइन स्टार के पूर्व कप्तान स्व. राजेश यादव जी की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखकर किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक ई. राजेन्द्र कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने भव्य नगाड़ों के बीच फीता काटकर टूर्नामेंट की शुरुआत की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में संरक्षक अधीक्षण अभियंता ई. अजय कुमार राय, ई. दिवाकर स्वरूप और समाजसेवक अरुण प्रजापति ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।उद्घाटन मुकाबला चोपन बनाम टू ब्रदर्स वोट्रेक्स के बीच खेला गया। चोपन ने टॉस जीता, जहाँ टॉस जीतने वाले कप्तान विनीत पांडेय को श्री सरस्वती आभूषण भंडार (वी मार्ट) के प्रो. आदित्य वर्मा द्वारा चांदी का सिक्का भेंट किया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वोट्रेक्स की टीम ने 19.4 ओवरों में सभी विकेट खोकर 107 रन बनाए। रौनक ने सर्वाधिक 23 रन (34 गेंद) का योगदान दिया। चोपन की ओर से ऋषि और राजू पांडेय ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। 108 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चोपन की टीम वोट्रेक्स की सटीक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 83 रनों पर सिमट गई। वोट्रेक्स की ओर से शिवम यादव (4 ओवर, 21 रन, 3 विकेट) और आनंद (4 ओवर, 19 रन, 3 विकेट) ने शानदार प्रदर्शन किया। टू ब्रदर्स वोट्रेक्स ने यह मुकाबला 24 रनों से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए वोट्रेक्स के शिवम यादव को जिला फुटबॉल संघ सोनभद्र के अध्यक्ष दलबीर सिंह और समाजसेवी अरुण प्रजापति द्वारा मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। मैच में निर्णायक की भूमिका प्रदीप शर्मा व सोनू राय ने निभाई, जबकि स्कोरर के के पासवान और अक्षय पटेल रहे। इस आयोजन को सफल बनाने में सोनांचल कप के अध्यक्ष रमेश वैश्य और मुख्य संरक्षक रमेश कुमार सिंह की अहम भूमिका रही। समारोह में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर सिंह, पूर्व प्रतिनिधि रमेश सिंह यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जैसवाल सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन संकट मोचन झा और राजू यादव ने किया। कल 23 फरवरी का मुकाबला आगरा बनाम बलिया के बीच।



