Sonbhadra news : संत जेवियर्स स्कूल में धूमधाम से मनाया गया ग्रैंड पैरेंट्स डे, दादा-दादी और नाना-नानी का हुआ सम्मान
नगर स्थित संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में मंगलवार को ग्रैंड पैरेंट्स डे का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया।

sonbhadra
12:23 PM, July 28, 2026
विनोद धर/शुभम जायसवाल (संवाददाता)
रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। नगर स्थित संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में मंगलवार को ग्रैंड पैरेंट्स डे का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के दादा-दादी एवं नाना-नानी ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विद्यालय परिवार ने कुमकुम, बैज एवं अंगवस्त्र भेंट कर सभी ग्रैंड पैरेंट्स का सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, समूह गीत, समूह नृत्य तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका "नो टू ओल्ड एज होम" ने परिवार में बुजुर्गों के सम्मान और उनके महत्व का प्रभावी संदेश दिया, जिसकी सभी ने सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कुमार जॉन ने अपने संबोधन में कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और स्नेह बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में अपने बुजुर्गों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने आत्मरक्षा के लिए सीखी गई कराटे कला का भी प्रदर्शन किया, जिसकी दर्शकों ने खूब प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के हेड बॉय उत्पल एवं वाइस कैप्टन (एक्टिविटी) सिद्धिमा ने किया। समारोह में लगभग 300 विद्यार्थियों के दादा-दादी एवं नाना-नानी के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




