Sonbhadra News तीन दिवसीय जनपदीय क्रीड़ा समारोह का दुद्धी में भव्य आगाज; DIOS बोले- दुद्धी बना शिक्षा का हब
दुद्धी में तीन दिवसीय जनपदीय क्रीड़ा समारोह का भव्य आगाज; DIOS बोले- दुद्धी बना शिक्षा का हब

AI जनरेटेड बैनर ----
sonbhadra
7:25 PM, October 7, 2026
दुद्धी में तीन दिवसीय जनपदीय क्रीड़ा समारोह का भव्य आगाज; DIOS बोले- दुद्धी बना शिक्षा का हब
रमेश (संवाददाता )दुद्धी (सोनभद्र)।दुद्धी में पहली बार माध्यमिक स्तर के तीन दिवसीय जनपदीय क्रीड़ा समारोह का बुधवार को बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में आगाज हुआ। जनपद स्तर की इस खेल-कूद प्रतियोगिता के पहली बार आयोजन को लेकर स्थानीय छात्रों और खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखा गया।समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) जयराम सिंह और नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया और शांति के प्रतीक सफेद कबूतर व रंग-बिरंगे गुब्बारे हवा में उड़ाकर आधिकारिक रूप से खेल प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। स्कूली छात्राओं ने इस अवसर पर मनमोहक सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्राओं द्वारा बीच -बीच में संस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देश भक्ति एवं आदिवासी गीतों पर लोग झूमते रहे।
खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए मुख्य अतिथि एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि दुद्धी तहसील मुख्यालय पर इस भव्य जनपदीय प्रतियोगिता का होना बेहद गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि खेलकूद से छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का जन्म होता है। आज खेल भी पहचान बनाने का एक बड़ा माध्यम बन चुका है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव गाजीपुर के एक छोटे से गाँव से हैं और महेंद्र सिंह धोनी ने रांची जैसे शहर से निकलकर दुनिया भर में भारत का डंका बजाया। उन्होंने शानदार आयोजन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक व संयोजक संस्थान सोनांचल इंटर कॉलेज को बधाई दी।
दुद्धी से है पुराना लगाव, बनाएंगे बड़ा खेल मैदान: DIOS
क्रीड़ा समारोह के आयोजक जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि दुद्धी की मिट्टी से उनका पुराना और गहरा लगाव है, क्योंकि उनकी नौकरी की शुरुआत दुद्धी जीआईसी से ही हुई थी। उन्होंने कहा, "भले ही पूर्व में यहाँ शिक्षा और जागरूकता की कमी रही हो, लेकिन आज दुद्धी क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक इंटर कॉलेज संचालित हैं और यह क्षेत्र शिक्षा का एक बड़ा हब बन चुका है।" उन्होंने क्षेत्रीय जनता को भरोसा दिलाया कि दुद्धी में एक बड़ा खेल मैदान (स्टेडियम) बनाने का उनका सपना अभी अधूरा है, जिसे वे पूरा करने का प्रयास करेंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन आयोजित 800 मीटर दौड़ के परिणाम बेहद रोमांचक रहे, बालिका वर्ग प्रतियोगिता में सुमन ने प्रथम स्थान, चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज (मधुपुर) की अमीषा ने द्वितीय स्थान और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (दुद्धी) की हुस्नेआरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग: जेबीएस शाहगंज के भावेश सिंह ने प्रथम, बद्रीनारायण इंटर कॉलेज (गौरही) के रमेश ने द्वितीय और लोकनाथ इंटर कॉलेज (बघनारी) के अनिल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस भव्य खेल महोत्सव के उद्घाटन के अवसर पर जिला विद्यालय कार्यालय के लिपिक संतोष सिंह, कमलेश यादव, संदीप सिंह चौधरी, कार्यक्रम के संयोजक आरपी श्रीवास्तव, ऋषिकेश पाठक, सुनील कुमार राव, अमर सिंह, दीपक कुमार, डॉ राकेश कन्नौजिया, रीता यादव, रुपाली, शोभा यादव, शैलेश, नंदकिशोर, आदर्श सहित भारी संख्या में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, खेल अनुदेशक और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।




