Sonbhadra News : महुली में फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज 18 जनवरी से,नामी गिरामी टीमें करेंगी प्रतिभाग
राजा बरियार शाह खेल मैदान पर आयोजित होने वाले फुटबॉल टूर्नामेंट में 16 से अधिक टीमें प्रतिभाग करेंगी।समिति के सदस्य तथा खिलाड़ी सभी खेल मैदान को सजाने सवारने में लगे हुए हैं

sonbhadra
6:14 PM, January 16, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। राजा बरियार शाह खेल मैदान महुली पर 18 जनवरी से शुरू होने वाले अंतरराज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट की तैयारियां जोरों पर हैं।
राजा बरियार शाह फुटबॉल कमेटी के तत्वाधान में आयोजित इस टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों ने खुद कमर कस ली है। खेल मैदान की सफाई, लाइनिंग और अन्य आवश्यक कार्य खिलाड़ी ही कर रहे हैं, जिससे आयोजन को भव्य रूप देने की कोशिश हो रही है।यह टूर्नामेंट स्थानीय स्तर पर खेलप्रेमियों के बीच उत्साह बढ़ा रहा है।
राजा बरियार शाह फुटबॉल कमेटी के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल ने बताया कि विभिन्न राज्यों से टीमें हिस्सा लेंगी। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश की चुनिंदा टीमें मैदान पर उतरेंगी।
टूर्नामेंट का भव्य आगाज मुख्य अतिथि अजय कुमार रजक (सड़क एवं परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार) व विशिष्ट अतिथि समाजसेवी संजीव जौहरी के हाथों किया जाएगा।
इस टूर्नामेंट में कुल 16 से अधिक टीमें प्रतिभाग करेंगी। फाइनल मैच 25 जनवरी को होगा।खिलाड़ियों द्वारा मैदान तैयार करने का यह अनूठा प्रयास सराहनीय है। सुबह से शाम तक दर्जनों युवा खिलाड़ी मैदान पर जुटे रहे। उन्होंने घास काटी, कचरा साफ किया, गोल पोस्ट मजबूत कीं और चॉक पाउडर से लाइनिंग की। कमेटी के सदस्यों का कहना है कि सरकारी मदद के अभाव में खिलाड़ी ही सब कुछ संभाल रहे हैं। पिछले वर्ष इसी मैदान पर आयोजित टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की टीम ने खिताब जीता था। इस बार भी कड़ी टक्कर की उम्मीद है। आयोजकों ने दर्शकों के लिए व्यवस्था सुनिश्चित की है। विजेता टीम को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार और खेल सामग्री प्रदान की जाएगी। यह आयोजन न केवल खेल को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि क्षेत्रीय एकता को भी मजबूत बनाएगा।




