Sonbhadra news : नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के प्रचार हेतु एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा भव्य नारी शक्ति पदयात्रा आयोजित
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा सोनभद्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक भव्य नारी शक्ति पदयात्रा का आयोजन किया गया।

sonbhadra
4:00 PM, April 15, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन सोनभद्र । राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा सोनभद्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक भव्य नारी शक्ति पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनसीसी (NCC) एवं एनएसएस (NSS) के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज में जागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य किया। पदयात्रा का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ, जिसमें सैकड़ों स्वयंसेवकों ने हाथों में बैनर लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर रैली निकाली। “नारी सम्मान, देश का अभिमान”, “महिलाओं को अधिकार, तभी होगा देश सशक्त” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ) प्रमोद कुमार ने बताया कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में समान भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान एवं समानता की भावना विकसित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ पदयात्रा को सफल बनाया। नगरवासियों ने भी इस अभियान की सराहना की और महिला सशक्तिकरण के इस प्रयास में अपना समर्थन व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
यह पदयात्रा समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में एक प्रभावी पहल साबित होगी l
उक्त अवसर पर डॉ संतोष कुमार सैनी, कार्यक्रम अधिकारी डॉ सचिन कुमार, डॉ संघमित्रा, डॉ अंजलि मिश्रा इत्यादि प्राध्यापक गणों के साथ-साथ कार्यालय अधीक्षक श्री राजेश्वर रंजन, धर्मेंद्र कुमार, महेश पांडेय, सरफुद्दीन, मनीष, अरुण इत्यादि कर्मचारीगण अमित, पायल, खुशी, काजल, सूरज, आकाश, प्रियंका, खुशबु, आकांक्षा, प्रीति, अदिति, रघुराज, साधना,अमन इत्यादि भारी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।



