Sonbhadra news : एनटीपीसी रिहंद में ‘हिन्दी पखवाड़ा 2026’ का भव्य शुभारंभ
एनटीपीसी रिहंद में 14 से 28 सितंबर 2026 तक ‘हिन्दी दिवस एवं पखवाड़े’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

sonbhadra
9:27 PM, September 15, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर / सोनभद्र ! ,एनटीपीसी रिहंद में 14 से 28 सितंबर 2026 तक ‘हिन्दी दिवस एवं पखवाड़े’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग तथा एनटीपीसी केंद्रीय कार्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) संजय असाटी द्वारा मंथन प्रेक्षागृह में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी पहचान, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। विद्युत उत्पादन के साथ-साथ कार्य-व्यवहार में हिन्दी प्रयोग का संकल्प लेना आज की आवश्यकता है। चूंकि यह परियोजना 'क' क्षेत्र के अंतर्गत आती है, इसलिए कार्यालयीन कार्य में अधिकतम हिन्दी का प्रयोग किया जाए और आवश्यकतानुसार द्विभाषी पत्राचार अपनाया जाए।
जनमानस की भावना के अनुरूप हो संवाद
असाटी ने इस बात पर भी जोर दिया कि हमें जनमानस की भावना के अनुरूप संवाद विकसित कर हिन्दी को और अधिक समृद्ध बनाना है। परियोजना प्रमुख ने पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए सभी से अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों को उनके द्वारा राजभाषा प्रतिज्ञा भी दिलाई गई तथा हिन्दी दिवस पर विशेष संदेश जारी किया गया। साथ ही, पखवाड़े के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
यह आयोजन एनटीपीसी रिहंद के अधिकारियों, कर्मचारियों और रहवासियों में राजभाषा हिन्दी के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा कार्य-संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में बेहद प्रेरणादायी साबित होगा।




