Sonbhadra News : आंगनबाड़ी केंद्रों को तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है सरकार - प्रभारी मंत्री
केंद्र सरकार के जनसेवा और सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 5 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट.....

स्मार्ट फोन के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्तियाँ साथ में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा व अन्य.....
sonbhadra
5:58 PM, June 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर 5 से 21 जून तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान
• प्रभारी मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा
• आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित किए स्मार्ट मोबाइल फोन
सोनभद्र । केंद्र सरकार के जनसेवा और सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 5 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने की।
बैठक में अभियान के सफल संचालन को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विगत 12 वर्षों में गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में किए गए कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने अभियान के दौरान आयोजित होने वाले जनसंवाद, विकास प्रदर्शनी, लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में पहल करते हुए पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए। उन्होंने कहा कि इन मोबाइल फोनों के माध्यम से कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकर एप एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एप पर प्रभावी ढंग से कार्य कर लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि "जनपद को निदेशालय स्तर से कुल 2099 स्मार्ट मोबाइल फोन प्राप्त हुए हैं, जिनका वितरण चरणबद्ध तरीके से सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को किया जाएगा। इससे विभागीय योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी और लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।"
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "अभियान को जनपद में पूरी गंभीरता और प्रभावी रणनीति के साथ संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा।"
बैठक में सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डॉ0 अनिल कुमार मौर्य, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




