Sonbhadra News : छह पेयजल परियोजनाओं को शासन की मंजूरी, जनपद के नगरीय क्षेत्रों में दूर होगा जल संकट
जनपद के नगरीय क्षेत्रों में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में शासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने सोनभद्र में छह पेयजल परियोजनाओं के लिए रिहंद, ओबरा व धनरौल बांध तथा रेण

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
6:15 PM, August 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• रिहंद, ओबरा व धनरौल बांध और रेणु नदी से उठाया जाएगा पानी, छह योजनाओं से लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
• पिपरी, अनपरा, ओबरा, चुर्क, सोनभद्र व रेणुकूट की पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत
• जल निगम बनाएगा इनटेक वेल, पाइपलाइन और पंपिंग स्टेशन, लाइव स्टोरेज से ही लिया जाएगा पानी
सोनभद्र । जनपद के नगरीय क्षेत्रों में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में शासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने सोनभद्र में छह पेयजल परियोजनाओं के लिए रिहंद, ओबरा व धनरौल बांध तथा रेणु नदी से कच्चा जल उठाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पिपरी, अनपरा, ओबरा, चुर्क, सोनभद्र नगर तथा रेणुकूट समेत अन्य नगरीय क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि "शासन स्तर से पेयजल योजनाओं के लिए आवश्यक कच्चा जल उपलब्ध कराने के साथ ही इनटेक वेल के निर्माण के संबंध में सहमति प्रदान कर दी गई है। स्वीकृति के अनुसार पिपरी नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए रिहंद बांध से 6.53 एमएलडी, ओबरा नगर पंचायत के लिए ओबरा बांध से 21.47 एमएलडी, अनपरा नगर पंचायत के लिए रिहंद बांध से 30 एमएलडी, चुर्क नगर पंचायत के लिए धनरौल बांध से 2.77 एमएलडी, सोनभद्र नगर पालिका परिषद के लिए धनरौल बांध से 26 एमएलडी तथा रेणुकूट नगर पंचायत के लिए रेणु नदी से 11 एमएलडी कच्चा जल उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है।"
जल निगम कराएगा आवश्यक निर्माण -
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि "परियोजनाओं के तहत कच्चे पानी को उठाने के लिए इनटेक वेल, पाइपलाइन, पंपिंग स्टेशन समेत अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा कराया जाएगा। परियोजनाओं के लिए आवश्यक ड्राइंग, डिजाइन और ले-आउट प्लान सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को उपलब्ध कराया जाएगा। स्टीमेट के अनुमोदन के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।"
इनटेक वेल निर्माण में सुरक्षा और निर्धारित मानकों का रखा जाएगा विशेष ध्यान -
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि "इनटेक वेल निर्माण में सुरक्षा और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बांधों से केवल लाइव स्टोरेज से ही पानी लिया जाएगा और निर्धारित मात्रा से अधिक जल उठाने की अनुमति नहीं होगी। इनटेक वेल का निर्माण बाढ़ एवं कटान क्षेत्र से बाहर कराया जाएगा साथ ही नदी के कटान और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए संरचनाओं का डिजाइन तैयार किया जाएगा।"
पेयजल व्यवस्था में आएगा व्यापक सुधार -
डीएम चर्चित गोंड ने कहा कि "जनपद के नागरिकों को स्वच्छ, पर्याप्त और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अमृत 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगरीय क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा। खासकर रेणुकूट, अनपरा, पिपरी, चुर्क और ओबरा क्षेत्र में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।"




