Sonbhadra News : आरक्षण नीति पर पुनर्विचार की मांग को लेकर स्वर्ण आर्मी ने राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा एवं आर्थिक आधार पर समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आज स्वर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष अशोक दुबे के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से........

कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन सौंपने जाते स्वर्ण आर्मी के पदाधिकारी......
sonbhadra
5:36 PM, August 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा एवं आर्थिक आधार पर समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आज स्वर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष अशोक दुबे के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से मुलाकात की और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पदाधिकारियों ने वर्तमान आरक्षण व्यवस्था की समयानुकूल समीक्षा किए जाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मेधावी छात्र-छात्राओं को समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक दुबे ने कहा कि "सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को उच्च अंक एवं योग्यता होने के बावजूद शिक्षा और सरकारी सेवाओं में अपेक्षित अवसर प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संगठन ने अवसरों की समानता एवं सामाजिक न्याय के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए वर्तमान आरक्षण व्यवस्था पर व्यापक विचार-विमर्श और समीक्षा की आवश्यकता जताई।"
ज्ञापन के माध्यम से पदाधिकारियों ने वर्तमान आरक्षण व्यवस्था की निष्पक्ष एवं समयबद्ध समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय आयोग का गठन किया जाने, शिक्षा एवं सरकारी नौकरियों में आरक्षण नीति को आर्थिक स्थिति एवं वास्तविक वंचना के आधार पर पुनर्विचार करने, आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों को समान अवसर देने तथा सामाजिक समरसता, समान अवसर एवं राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने वाली नीति तैयार करने की मांग की गई।
इस दौरान RAM के जिलाध्यक्ष संतोष पाण्डेय ने कहा कि "आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सभी पक्षों को साथ लेकर व्यापक राष्ट्रीय विमर्श कराया जाना चाहिए, ताकि सामाजिक न्याय के साथ-साथ समान अवसर की भावना भी मजबूत हो सके।"
इस दौरान जिला महासचिव नवनीत उपाध्याय, जिला महामंत्री अभय पाण्डेय, बृजकिशोर पांडेय, मदन मोहन मिश्रा, सुदिष्ट मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष ललित पाठक, अवनीश पाण्डेय, अमित दूबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




