Sonbhadra news : सड़क पर खुलेआम घूम रहीं बकरियां बनीं यमराज, डोडहर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
डोडहर, शांति नगर और आसपास के इलाकों में मवेशी पालकों की मनमानी आम जनता के लिए जानलेवा साबित हो रही है।

sonbhadra
9:35 PM, July 24, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर (सोनभद्र)। क्षेत्र के डोडहर, शांति नगर और आसपास के इलाकों में मवेशी पालकों की मनमानी आम जनता के लिए जानलेवा साबित हो रही है। लोग बिना किसी बाड़े की व्यवस्था के अपनी बकरियों को सुबह से ही सीधे मुख्य सड़कों पर खुला छोड़ देते हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।
शुक्रवार को ऐसा ही एक गंभीर मामला डोडहर ग्राम पंचायत में सामने आया। बिजपुर बाजार से डोडहर के रास्ते घर लौट रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर नजदीकी डॉक्टर के पास पहुंचाया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़कों पर अचानक मवेशियों के आ जाने से टू-व्हीलर और साइकिल चालकों की जान हमेशा खतरे में रहती है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह पशुपालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रोड पर मवेशी छोड़ने पर रोक लगाई जाए। और उन्हें चिन्हित करके उनके ऊपर जुर्माना भी लगाया जाये




