Sonbhadra news :किशोरियों को आत्मरक्षा और महिला अधिकारों की दी जानकारी
महिला संकुल कार्यालय, बिल्ली मारकुंडी में किशोरियों के लिए जागरूकता एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

sonbhadra
7:09 PM, August 20, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा, सोनभद्र। जिलाधिकारी के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग के हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्डलाइन और हंस फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से 20 अगस्त 2026 को महिला संकुल कार्यालय, बिल्ली मारकुंडी में किशोरियों के लिए जागरूकता एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में किशोरियों को लैंगिक संवेदनशीलता, आत्मरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण संबंधी कानून (POSH Act) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान गुड टच-बैड टच, लैंगिक उत्पीड़न से बचाव तथा असहज या संदिग्ध परिस्थितियों में तत्काल सहायता लेने के उपाय बताए गए। बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित महिला पेंशन और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। योजनाओं से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।
किसी समस्या की स्थिति में 181, 1098, 112, 102, 1090 और 1076 हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए किशोरियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट साधना मिश्रा, परियोजना समन्वयक मुकेश सिंह, केस वर्कर सीमा शर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर सफरुद्दीन सहित संबंधित टीम के सदस्य मौजूद रहे। किशोरियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और आत्मरक्षा एवं महिला अधिकारों से संबंधित उपयोगी जानकारी प्राप्त की।




