Sonbhadra News : अज्ञात वाहन के टक्कर से भरभरा कर गिर गया विशालकाय दुर्गा पूजा पंडाल, लोगों में जबरदस्त आक्रोश
लोगों का कहना है कि जब पंडाल खड़ा था तो वाहन को जाने की अनुमति पिकेट पुलिस ने कैसे दे दी और फिर पंडाल को देखने के बावजूद वाहन ने उसे धक्का मार कर गिरा दिया ।

sonbhadra
10:04 AM, October 9, 2026
- देर रात की बताई जा रही घटना
- लोगों ने लापरवाह पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की
- लाखों का हो गया नुक्सान
शांतनु कुमार
सोनभद्र । दूर्गा पूजा की षष्ठी 16 अक्टूबर को है। इसी दिन मां दुर्गा की प्रतिमा का पंडालों में षष्ठी पूजा की जाती है। रावर्ट्सगंज नगर में दुर्गा पूजा को लेकर जगह-जगह पंडाल की तैयारियां की जा रही है। लेकिन आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब शीतला मंदिर चौराहे से विजयगढ़ टॉकीज की तरफ जाने वाली सड़क में बने एक पंडाल को अज्ञात वाहन ने धक्का मारते हुए गिरा दिया। पंडाल के गिरने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और लोग सुबह बाहर निकले तो उनका गुस्सा पुलिस के खिलाफ फूट पड़ा । लोगों का कहना है कि जब पंडाल खड़ा था तो वाहन को जाने की अनुमति पिकेट पुलिस ने कैसे दे दी और फिर पंडाल को देखने के बावजूद वाहन ने उसे धक्का मार कर गिरा दिया ।
आपको बता दें कि मां दुर्गा की पूजा बड़े धूमधाम से लोग करते हैं और इसके लिए लाखों रुपए खर्च कर पंडाल तैयार किया जाता है। घटना की सूचना जैसे ही नगर में फैली बीजेपी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचकर उग्र नजर आये । उनका कहना है कि यहां कानून व्यवस्था के नाम पर कोई चीज नहीं है । जब पंडाल सामने लगा हुआ है तो आखिर इसे देखते हुए वाहन को जाने की अनुमति कैसे दे दी गई। लोगों ने बताया कि रात की घटना है, सुबह देखा तो पंडाल गिरा हुआ था। कई लोगों ने आरोप लगाया कि रात पिकेट पर पुलिस नहीं रहती और बाहरी वाहन अपनी मनमानी करते हैं।
ऐसे में यहां बड़ा सवाल यह है कि आखिर लाखों रुपए के नुकसान की भरपाई कौन करेगा और और इतने कम समय में पंडाल दोबारा कैसे खड़ा हो पाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से लापरवाह पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही की मांग की है और पंडाल में हुए नुकसान की भरपाई करवाने की भी पुरजोर तरीके से मांग उठाई गई है ।
अब देखने वाली बात यह है कि इस घटना को लेकर पुलिस क्या एक्शन लेती है । मगर इस घटना ने ना सिर्फ पुलिस के व्यवस्थाओं की पोल खोल दी बल्कि उनकी मनमानी को भी दर्शा दिया।




