Sonbhadra News : घोरावल स्कूल कांड! बच्चों को पढ़ा रही थी छात्रा, अब नपे 'गुरुजी'
जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में फैली अव्यवस्था, लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। सरकारी स्कूलों में बच्चों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ का ताजा मामला घोरावल.....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
7:01 PM, May 20, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• वीडियो वायरल होते ही बेसिक शिक्षा विभाग में मचा था हड़कंप
• सपा के पूर्व घोरावल विधायक ने औचक निरीक्षण कर सोशल मीडिया पर किया था वीडियो वायरल
सोनभद्र । जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में फैली अव्यवस्था, लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। सरकारी स्कूलों में बच्चों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ का ताजा मामला घोरावल क्षेत्र के सुअरहवा टोला प्राथमिक विद्यालय से सामने आया है, जहां एक शिक्षक द्वारा बाहरी छात्रा से बच्चों को पढ़वाने का मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताते चलें कि घोरावल के पूर्व सपा विधायक रमेश चंद्र दुबे ने गत दिनों सुअरहवा टोला प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि विद्यालय में तैनात शिक्षक मृत्यंजय मौर्य स्वयं पढ़ाने के बजाय एक बाहरी छात्रा से बच्चों को पढ़वा रहे थे। आरोप है कि उक्त छात्रा को 2500 रुपये प्रतिमाह देकर पढ़ाने का कार्य कराया जा रहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यशैली कटघरे में आ गई।
वीडियो वायरल होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए थे। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए शिक्षक मृत्यंजय मौर्य को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें उसी विद्यालय से संबद्ध भी कर दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है, जहां कई विद्यालयों में शिक्षक शिक्षा व्यवस्था को मजाक बनाकर मनमानी कर रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि जनप्रतिनिधि निरीक्षण न करते और वीडियो वायरल न होता तो क्या विभाग कार्रवाई करता? शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर अब अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।




