Sonbhadra News : घोरावल पुलिस ने 25 हजार के इनामिया शातिर अपराधी को प्रयागराज से दबोचा
घोरावल पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और कई मामलों में वांछित एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

sonbhadra
7:56 PM, July 19, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र)। घोरावल पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और कई मामलों में वांछित एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने शनिवार देर शाम प्रयागराज के विनायक सेंट्रल पार्क स्थित शेरवानी लेगेसी परिसर से 27 वर्षीय राजेश सोनकर, निवासी ग्राम चकिया, थाना सैनी, जनपद कौशाम्बी को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दबोचा।
पुलिस के अनुसार, राजेश सोनकर थाना शाहगंज में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
अभिलेखों के अनुसार आरोपी के खिलाफ सोनभद्र, प्रयागराज और कौशाम्बी के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) से संबंधित कुल नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह के साथ मुख्य आरक्षी राज सिंह राणा, महताब खां तथा आरक्षी योगेश मिश्रा और प्रियज सिंह शामिल रहे।




