Sonbhadra News : दुद्धी तहसील दिवस में पहुंची Gen-Z छात्रा बोली- सर पिछले 10 दिनों से 'पाषाण काल' की हो रही अनुभूति
छात्रा ने भावुक होकर अधिकारियों से कहा कि उसे पढ़ना लेकिन बिजली ही नहीं है। छात्रा ने अधिकारियों से यहाँ तक कह दिया कि पिछले 10 दिनों में उसे पाषाण काल की अनुभूति हो रही है।"

sonbhadra
7:16 PM, August 17, 2026
- दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के डुमरडीहा गाँव का मामला
- छात्रा बोली- पढ़ना है लेकिन बिजली नहीं है
- तहसीलदार ने बिजली विभाग को दिये तत्काल समस्या का समाधान के निर्देश
शांतनु कुमार/रमेश यादव
दुद्धी (सोनभद्र) । तहसील दिवस में Gen-Z के सवालों ने प्रशासन को आज असहज कर दिया। दुद्धी क्षेत्र के ग्राम डुमरडिहा की रहने वाली कक्षा 10वीं की छात्रा स्कूल ड्रेस में ही तहसील दिवस में पहुँच गयी। छात्रा ने कहा कि उसे पढ़ना है, मगर 10 दिनों से बिजली गुल है और कोई सुनवाई नहीं हो रही। पढाई के प्रति छात्रा की लगन को देखने के बाद सभी अधिकारी गंभीर हो गए।
स्कूल ड्रेस में अधिकारियों के सामने खड़ी यह Gen-Z छात्रा आकृति गुप्ता है। आकृति गुप्ता ने अधिकारियों को बताया कि उसके गाँव का ट्रांसफार्मर बीते 7 अगस्त 2026 से खराब पड़ा है। उसने इसके लिए 8 अगस्त को शाम 7:17 बजे टोल-फ्री नंबर 1912 पर शिकायत भी दर्ज कराई लेकिन 10 दिन बीत जाने के वावजूद बिजली विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर बदलने या ठीक करने को लेकर अब तक कोई कार्रवाई या जानकारी नहीं दी गई। छात्रा ने भावुक होकर अधिकारियों से कहा कि उसे पढ़ना लेकिन बिजली ही नहीं है। छात्रा ने अधिकारियों से यहाँ तक कह दिया कि पिछले 10 दिनों में उसे पाषाण काल की अनुभूति हो रही है।"
तहसीलदार ने बिजली विभाग को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
छात्रा की गुहार सुनने के बाद हुए तहसीलदार दुद्धी अंजनी गुप्ता ने तुरंत संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। प्रार्थना पत्र पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिशाषी अभियंता को अग्रसारित करते हुए इस विद्युत समस्या का संपूर्ण समाधान और निस्तारण करने का समय तय किया गया है, ताकि छात्रा की पढ़ाई और ग्रामीणों की दिनचर्या पटरी पर लौट सके।
कुल मिलाकर इन दिनों देश-प्रदेश में Gen-Z और Gen-Alfa अपने अधिकारों के लिए न सिर्फ खुद निकल रहे हैं बल्कि जिम्मेदार भी ठहरा रहे हैं। ऐसे में आज की यह कार्यवाही Gen-Z के जागरुकता का ही नतीजा है वरना जिले में आज भी कई गाँव खराब ट्रांसफर्मर के कारण अंधेरों में हैं।




