Sonbhadra News : सोनभद्र में 60 लाख का गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा XUV-500 और मारुति सुजुकी ब्रेजा कार, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 8,280 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

sonbhadra
3:40 PM, October 16, 2026
शांतनु कुमार/प्रकाश खत्री
सोनभद्र में पुलिस द्वारा चलाये जा रहे ऑप्रेशन शुद्धी के तहत करमा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 118 किलो 670 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने बताया कि करमा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बीती रात ग्राम करनवाह जाने वाले तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान हिन्दुआरी की ओर से आ रही दो कारों के चालक पुलिस को देखकर तिराहे से करीब 50 मीटर पहले ही वाहन मोड़कर वापस जाने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया। पुलिस के मुताबिक, महिंद्रा XUV-500 के पिछले हिस्से में स्टेपनी के नीचे तथा मारुति सुजुकी ब्रेजा के पिछले और बीच वाले हिस्से में टेप से लिपटे छोटे-छोटे पैकेट रखे मिले। इन पैकेटों से कुल 118 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस दौरान तीन व्यक्ति पकड़े गए।
पुलिस ने बताया कि बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा XUV-500 और मारुति सुजुकी ब्रेजा कार, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 8,280 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये बताई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के सुंदरगढ़ जनपद के एक व्यक्ति के कहने पर गांजा लेकर मीरजापुर में बताए गए लोगों को सौंपने जा रहे थे। आरोपियों के अनुसार, गांजा और वाहनों की व्यवस्था भी उसी व्यक्ति ने की थी। खेप पहुंचाने के बदले प्रत्येक आरोपी को 15 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूर्व में भी गांजा पहुंचाने की बात बताई है। मामले में गांजे की आपूर्ति के स्रोत, संभावित खरीदारों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में
(1) विश्वजीत बारिक उर्फ कानू (29 वर्ष), निवासी पुराना जोल्डा, ए ब्लॉक, थाना जोल्डा, जनपद सुंदरगढ़, ओडिशा।
(2) रविन्द्र नायक (करीब 47 वर्ष), निवासी सेक्टर-01, गंजू बस्ती, थाना सेक्टर-03, जनपद सुंदरगढ़, ओडिशा।
(3) मोहम्मद दानिश आलम (करीब 29 वर्ष), निवासी रेलवे कॉलोनी, राउरकेला, थाना प्लांट साइट, जनपद सुंदरगढ़, ओडिशा। शामिल है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत कब्जे में ले लिया है और आरोपियों के विरुद्ध थाना करमा में मुकदमा संख्या 199/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27A/29/60 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में करमा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, उपनिरीक्षक मनोज सिंह सहित थाना करमा और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।




