Sonbhadra News : स्वतंत्रता दिवस की धूम, तिरंगे के रंग में रंगे बाजार
शहर के बाजारों में स्वतंत्रता दिवस की धूम है। हर घर तिरंगा अभियान के कारण बाजार की रौनक और ज्यादा बढ़ गई है। पूरा बाजार इन दिनों तिरंगामय हो चुका है।

सोनभद्र
7:45 AM, August 14, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शहर के बाजारों में स्वतंत्रता दिवस की धूम है। हर घर तिरंगा अभियान के कारण बाजार की रौनक और ज्यादा बढ़ गई है। पूरा बाजार इन दिनों तिरंगामय हो चुका है। पतंग से लेकर कपडे और टोपी तक तिरंगे के रूप में बिक रही है।
स्वर्ण जयंती चौक, मेन मार्केट सहित पुरे नगर में अनेक स्थान पर तिरंगे झंडे की दुकानें सज गई हैं। यहां छोटे-बड़े झंडे, तिरंगे स्टीकर, टोपियां, पटुका, टेबल फ्लैग, पट्टियाँ और ब्रोच आदि की खरीदारी की जा रही है। आजादी का जश्न मनाने के लिए लोग सफेद कुर्ता, हरी जींस और केसरिया पटुका की भी खरीद रहे हैं।
स्वर्ण जयंती चौक के दुकानदार विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि वैसे तो 15 अगस्त पर हर साल लोग तिरंगा झंडा और अन्य आयटम खरीदते हैं, लेकिन इस बार युवाओं में जोश अधिक दिखाई दे रहा है। वे कलाई बैंड (रिस्ट बैंड), ब्रोच और वाहनों पर लगाने के लिए छोटे-छोटे तिरंगे झंडे की खरीदारी कर रहे हैं।
इस बार बाजार में कई नए आयटम आए हैं। पहले तिरंगे की सामान्य टोपी बिकती थी, लेकिन इस बार बाल वाली टोपी भी आई है। कुछ टोपियों में बाल कम और कुछ में अधिक हैं। ये तिरंगे के रंग में रंगे हुए हैं। इनकी कीमत 90 रुपये है। इसी तरह टी-शर्ट भी तीन रंग में आई हैं। इसकी कीमत 120 रुपये है।
विक्रेताओं सचिन और अजय ने बताया कि ये नए आयटम युवाओं को खूब भा रहे हैं।
मध्यम और छोटे आकार के झंडे की बिक्री अधिक -
दुकानों पर बड़े, माध्यम और छोटे आकार (वाहनों पर लगाए जाने वाले) झंडे भी उपलब्ध हैं। इनमें सर्वाधिक बिक्री मध्यम और छोटे आकार वाले झंडों की हो रही है।




