Sonbhadra News : प्रेशर हॉर्न से लेकर ड्रिंक एंड ड्राइव तक…... सोनभद्र पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 461 वाहनों का चालान, 4 सीज
जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सोनभद्र पुलिस ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाते हुए नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए गए......

हॉर्न से लेकर ड्रिंक एंड ड्राइव तक वाहनों की जांच करती सोनभद्र पुलिस.....
sonbhadra
8:18 PM, May 24, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सोनभद्र पुलिस ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाते हुए नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पूरे जनपद में यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्रेशर हॉर्न, ड्रिंक एंड ड्राइव, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। दिन और रात चले अभियान में कुल 461 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 4 वाहनों को सीज कर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ0 चारू द्विवेदी के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान दिन में की गई कार्रवाई में बिना हेलमेट 149, बिना सीट बेल्ट 11, मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 7, ड्रिंक एंड ड्राइव में 3, तीन सवारी में 32 तथा रॉन्ग साइड ड्राइविंग में 50 चालान किए गए। इसके अलावा हाई वॉल्यूम म्यूजिक, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर एवं प्रदूषण संबंधी उल्लंघनों में 37, नो पार्किंग में 42, डीएल संबंधी उल्लंघन में 34, बीमा न होने पर 8 तथा दोषपूर्ण नम्बर प्लेट पर 33 चालान किए गए। वहीं काली फिल्म और मॉडिफाइड बुलेट साइलेंसर के मामलों में 8 चालान करते हुए 2 वाहनों को सीज किया गया। दिन के अभियान में कुल 416 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
इसके बाद शनिवार की रात लोढ़ी टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। रात 8 बजे से 11 बजे तक चले अभियान में प्रेशर हॉर्न के खिलाफ 20, ड्रिंक एंड ड्राइव के 3 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 वाहन सीज किए गए। इसके अलावा फाल्टी नम्बर प्लेट पर 16, मॉडिफाइड साइलेंसर पर 1 तथा अन्य उल्लंघनों में 5 चालान किए गए। रात्रिकालीन अभियान में कुल 45 वाहनों पर कार्रवाई हुई।
सोनभद्र पुलिस ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि "सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन और नशे से दूरी बनाए रखें। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।"




