Sonbhadra News : सिलेंडर ब्लास्ट से चार लोग घायल, एक एक हालत नाजुक
चोपन थाना क्षेत्र के अम्मा टोला में बीती रात एक चाय की दुकान में बिजली के तार से हुई शॉर्ट सर्किट के कारण सिलेंडर में आग लग गयी। जिससे सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।

sonbhadra
12:21 PM, March 8, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । चोपन थाना क्षेत्र के अम्मा टोला में बीती रात एक चाय की दुकान में बिजली के तार से हुई शॉर्ट सर्किट के कारण सिलेंडर में आग लग गयी। जिससे सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट के कारण उसकी चपेट में आने से चार लोग घायल हो गए। जिसमें एक गंभीर को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के अम्मा टोला में स्थित चाय-पान की गुमती में बीते शनिवार की रात को लगभग डेढ़ बजे बिजली के तार से हुई शार्ट सर्किट के कारण गुमती में रखे सिलेंडर में आग लग गई और धू-धू कर आग जलते हुए सिलेंडर ब्लास्ट हो गया । जिसमें कमलापति केवट उम्र लगभग 40 वर्ष पुत्र शिवशंकर, शुभम् उम्र लगभग 12 वर्ष पुत्र राम प्रसाद,शम्भावती उम्र लगभग 48 वर्ष पत्नी राम प्रसाद, बसंत उम्र लगभग 42 वर्ष पुत्र रामबली कुल चार लोग घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 नम्बर पुलिस व ऐम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 नम्बर पुलिस ने स्थानीय लोगों के मदद से सभी घायलों को ऐम्बुलेंस से चोपन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने कमलापति केवट की स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि बचे तीन घायलों को उपचार के उपरांत डिस्चार्ज कर दिया।




