Sonbhadra News : चुर्क वार्ड नंबर 4 में पानी की टंकी का हुआ शिलान्यास
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने सभासद हिमांशु खत्री के साथ पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया।

sonbhadra
7:53 PM, October 28, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र) । नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा के वार्ड नंबर 4, चुर्क बाजार में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। बुधवार को वार्ड में टुन्नू दास के घर के पास पानी की टंकी के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 4 के सभासद हिमांशु खत्री के आग्रह और नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव की पहल पर इस निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने सभासद हिमांशु खत्री के साथ पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि टंकी के बन जाने से पूरे वार्ड में पानी की किल्लत से काफी हद तक निजात मिलेगी और गर्मी के मौसम में होने वाली परेशानी कम होगी। सभासद हिमांशु खत्री ने कहा कि वार्ड की जनता ने पेयजल की समस्या को लेकर लगातार मांग की थी। चेयरमैन मीरा यादव के सहयोग से इस कार्य को स्वीकृति मिली है। निर्माण पूरा होने के बाद वार्ड के हर घर तक सुचारू जलापूर्ति का प्रयास किया जाएगा ।




