Sonbhadra news : मिशन शक्ति केंद्र का शिलान्यास, महिलाओं को मिलेगी त्वरित सहायता
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीजपुर थाना परिसर में बुधवार को मिशन शक्ति केंद्र का शिलान्यास किया गया।

sonbhadra
9:56 PM, June 17, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर, सोनभद्र। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीजपुर थाना परिसर में बुधवार को मिशन शक्ति केंद्र का शिलान्यास किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की मिशन शक्ति योजना के तहत स्थापित किया जा रहा यह केंद्र महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न प्रकार की सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्र के संचालन से महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यहां उन्हें कानूनी परामर्श, पुलिस सहायता, सुरक्षा संबंधी मार्गदर्शन तथा अन्य आवश्यक सहयोग सहज रूप से उपलब्ध कराया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर थानाध्यक्ष बीजपुर, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे, हेड कांस्टेबल विंध्याचल कुशवाहा, महिला कांस्टेबल प्रियंका तथा महिला कांस्टेबल निहारिका पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
स्थानीय महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। लोगों का कहना है कि थाना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित होने से महिलाओं को त्वरित सहायता मिलेगी तथा उनके प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि केंद्र के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी एवं संवेदनशील व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।




