Sonbhadra News : चोपन की पूर्व मंडल अध्यक्ष शबनम मिश्रा ने बीजेपी महिला मोर्चा की जिला कार्यकारणी सदस्य के पद से दिया इस्तीफा
बिना किसी पूर्व जानकारी एवं सहमति के इस प्रकार पद दिया जाना मेरे लिए आश्चर्यजनक एवं असन्तोषजनक है। साथ ही संगठन में पदों एवं दायित्वों की प्रक्रिया को लेकर भी मेरे मन में गम्भीर सवाल है ।

sonbhadra
10:17 PM, November 11, 2026
शान्तनु विश्वास/घनश्याम पांडेय
सोनभद्र । महिला मोर्चा चोपन की पूर्व मण्डल अध्यक्ष शबनम मिश्रा ने प्रदेश संगठन मंत्री को पत्र लिखकर महिला मोर्चा की जिला कार्यकारणी सदस्य के पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है । शबनम मिश्रा का आरोप है कि विगत दिनों महिला मोर्चा की नई कार्यकारणी में मुझे जिला कार्यकारणी सदस्य बनाया गया जबकि इस संबंध में मुझसे न तो पूर्व में कोई चर्चा की गयी और न ही मेरी सहमति अथवा स्वीकृति ली गई। बिना किसी पूर्व जानकारी एवं सहमति के इस प्रकार पद दिया जाना मेरे लिए आश्चर्यजनक एवं असन्तोषजनक है। साथ ही संगठन में पदों एवं दायित्वों की प्रक्रिया को लेकर भी मेरे मन में गम्भीर सवाल है । किसी विशेष व्यक्ति के प्रभाव अथवा इशारे पर महिला मोर्चा की टीम का गठन होना संगठनात्मक पारदर्शिता और समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान पर सवाल खड़ा करता है। शबनम मिश्रा का कहना है कि संगठन में पद एवं दायित्व कार्य, समर्पण और निष्ठा के आधार पर मिलने चाहिए, न कि व्यक्ति प्रभाव अथवा सिफारिश के आधार पर।
उक्त कारण दर्शाते हुए शबनम मिश्रा ने महिला मोर्चा की जिला कार्यकारणी सदस्य के पद से अपना इस्तीफा दे दिया ।
शबनम मिश्रा ने अपने पत्र में लिखा है कि यदि महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा को लगता है कि यह दायित्व किसी अन्य योग्य एवं विश्वासपात्र कार्यकर्ता को दिया जाना चाहिए, तो वे अपनी इच्छा अनुसार किसी अन्य कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी सौंप सकती हैं । उन्होंने आगे लिखा कि उनकी नाराजगी किसी पद को प्राप्त करने अथवा न प्राप्त करने को लेकर नहीं है, बल्कि बिना सहमति एवं पारदर्शिता के पदों का आवंटन किये जाने की प्रक्रिया को लेकर है। उन्होंने साफ किया कि उनका इस्तीफा केवल महिला मोर्चा की जिला कार्यकारणी सदस्य के पद से है, भाजपा की प्राथमिक सदस्यता अथवा संगठन से नहीं।




