Sonbhadra News : जंगल की आग झोपड़ियों तक पहुंची, 10 झोपड़ियां जलकर राख
स्थानीय नगर में शनिवार की दोपहर ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के समीप जंगल किनारे बनी झोपड़ियों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

sonbhadra
10:22 PM, May 23, 2026
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) । स्थानीय नगर में शनिवार की दोपहर ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के समीप जंगल किनारे बनी झोपड़ियों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 8 से 10 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना दोपहर लगभग तीन बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जंगल में पहले आग लगी थी, जो तेज हवा और सूखी झाड़ियों के कारण फैलते हुए पास में बनी झोपड़ियों तक पहुंच गई। आग की लपटें उठती देख झोपड़ियों में रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया। लोग किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले और जल्दबाजी में कुछ घरेलू सामान बाहर निकाल सके, लेकिन अधिकांश सामान आग की भेंट चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर बाल्टियों और पाइप के जरिए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने से झोपड़ियों में रखे कपड़े, बर्तन, राशन और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जंगलों में अक्सर आग लग जाती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से जंगल क्षेत्र में सुरक्षा के इंतजाम और आग रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




