Sonbhadra News : व्यूज और पैसों के लालच में कर रहे थे अश्लील वीडियो अपलोड, पुलिस ने दो युवकों को दबोचा
मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील और पोर्नोग्राफिक वीडियो अपलोड कर व्यूज और पैसे कमाने का गंदा खेल खेलने वाले दो युवकों को सोनभद्र साइबर थाना/साइबर सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद...........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:58 PM, May 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील और पोर्नोग्राफिक वीडियो अपलोड कर व्यूज और पैसे कमाने का गंदा खेल खेलने वाले दो युवकों को सोनभद्र साइबर थाना/साइबर सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल अश्लील कंटेंट अपलोड करने में किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में महिला एवं बाल यौन शोषण से जुड़े अपराधों पर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित National Center for Missing & Exploited Children (NCMEC) पोर्टल और साइबर ट्रिपलाइन प्रणाली के माध्यम से सोनभद्र जनपद से संबंधित दो शिकायतें प्राप्त हुईं। शिकायतों में सोशल मीडिया पर Child Pornography और अश्लील वीडियो अपलोड किए जाने की जानकारी दी गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित यूजर्स की मोबाइल डिटेल, आईपी एड्रेस और सोशल मीडिया प्रोफाइल खंगाली गई, जिसमें दो युवकों की पहचान सामने आई। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर दबिश दी गई।
पुलिस ने दुद्धी कस्बे से सैफ पुत्र खजमुद्दीन निवासी वार्ड नं0-9 रामनगर दुद्धी तथा ओबरा क्षेत्र से राहुल कुमार पुत्र रामकिशुन निवासी गुरुद्वारा गली चोपन रोड ओबरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके मित्रों का एक सोशल मीडिया ग्रुप था, जहां इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए अश्लील वीडियो साझा किए जाते थे। अधिक व्यूज, फॉलोअर्स और आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से उक्त वीडियो इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए जाते थे।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना धीरेन्द्र कुमार चौधरी, प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय, चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद, हे0का0 संतोष पटेल, शिवनन्दन सिंह, का0 अखिलेश यादव, सुनील रावत और अभिषेक तिवारी समेत साइबर सेल की टीम शामिल रही।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि "सोशल मीडिया पर अश्लील, आपत्तिजनक अथवा बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री अपलोड, शेयर या फॉरवर्ड करना गंभीर साइबर अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, आरोपियों के कब्जे से इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी बरामद किए हैं। मामले में थाना दुद्धी पर धारा 77, 294 बीएनएस व 67A आईटी एक्ट तथा थाना ओबरा पर धारा 77, 294 बीएनएस व 67B आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। आमजन से अपील किया कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।"




