Sonbhadra News : राधा अष्टमी पर बरसाना में उमड़ा आस्था का सैलाब, राधा रानी के दर्शन को जुटे श्रद्धालु
राधा अष्टमी के विशेष पर्व पर ब्रह्म मुहूर्त में करीब सुबह चार बजे श्री राधा रानी का विशेष महाभिषेक संपन्न कराया गया।

mathura
9:22 AM, September 19, 2026
मथुरा । राधा अष्टमी के पावन अवसर पर बरसाना स्थित श्री राधा रानी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे भक्तों ने राधा रानी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव में सहभागिता की। राधा रानी के जयकारों से मंदिर परिसर सहित पूरा बरसाना भक्तिमय नजर आया।
राधा अष्टमी के विशेष पर्व पर ब्रह्म मुहूर्त में करीब सुबह चार बजे श्री राधा रानी का विशेष महाभिषेक संपन्न कराया गया। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप अभिषेक के दौरान विभिन्न पूजन सामग्रियों, जड़ी-बूटियों और चांदी के कलश का इस्तेमाल किया गया। मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हुए इस आयोजन में श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए।
जन्मोत्सव को लेकर बरसाना में सुबह से ही खास उत्साह देखने को मिला। श्री राधा रानी मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर और आसपास के इलाकों में लगातार राधा रानी के जयकारे गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं के लिए राधा अष्टमी का पर्व विशेष धार्मिक महत्व रखता है। मान्यता है कि इस दिन बरसाना में राधा रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना करना बेहद शुभ माना जाता है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु बरसाना पहुंचे और राधा रानी के जन्मोत्सव के साक्षी बने।




