Sonbhadra News : मेडिकल स्टोर के औचक निरीक्षण में मिली खामियाँ, दो संदिग्ध औषधियों के नमूने संग्रहित
जनपद में नशीली एवं नियंत्रित दवाओं की अवैध बिक्री पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने.....

मेडिकल स्टोर में छापेमारी करते औषधी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता...
sonbhadra
8:47 PM, June 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में नशीली एवं नियंत्रित दवाओं की अवैध बिक्री पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने अनपरा क्षेत्र के डिबुलगंज बाजार और रेलवे स्टेशन रोड स्थित मेडिकल एजेंसियों पर औचक छापेमारी कर दवा कारोबार की पड़ताल की। अचानक हुई कार्रवाई से मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान मिली खामियां -
निरीक्षण के दौरान सिल्क मेडिकल एजेंसी, जे0एम0के0 मेडिकल एजेंसी तथा आर.एस0पी0के0 एंटरप्राइज के अभिलेखों, स्टॉक रजिस्टरों और औषधियों की गहन जांच की गई। जांच में कई खामियां सामने आईं। कुछ दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी आवश्यक अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके, जबकि कुछ एक्सपायरी दवाएं भी पाई गईं। टीम ने संदिग्ध प्रतीत होने वाली दो औषधियों के नमूने संग्रहित कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद होगी कार्यवाही -
इस दौरान औषधि निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि "निरीक्षण के दौरान पाई गई सभी अनियमितताओं को निरीक्षण आख्या में दर्ज किया गया है। विस्तृत रिपोर्ट सहायक आयुक्त औषधि, मिर्जापुर मंडल को भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।"
नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रशासन की पैनी नजर -
छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार के कफ सिरप, नशीली अथवा नियंत्रित औषधियों का विक्रय बिना पंजीकृत चिकित्सक के वैध पर्चे के नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि यदि भविष्य में बिना प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की बिक्री पाई गई तो लाइसेंस निलंबन से लेकर कानूनी कार्रवाई तक की जाएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि "जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध दवा कारोबार, नशीली दवाओं की बिक्री और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जनपद भर में अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की इस सख्ती को देखते हुए दवा कारोबारियों में बेचैनी बढ़ गई है, जबकि आम लोगों ने कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य कस्बों और बाजारों में भी इसी प्रकार की औचक जांच और छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।"




