Sonbhadra News : थिनर पीने से पांच वर्षीय दिव्यांग हुई अचेत, इलाज जारी
विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बोम गांव की घटना

सोनभद्र
11:07 PM, April 2, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र अंतर्गत बोम गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पांच वर्षीय दिव्यांग बच्ची चांदनी पुत्री राजेश ने खेलते-खेलते थिनर की बोतल पी ली, जिससे उसके परिजनों में हड़कंप मच गया।
घटना बृहस्पतिवार शाम को घटित हुई, जब घर में खिड़की के कलर का काम चल रहा था। चांदनी अपने तीन वर्षीय छोटे भाई अमन के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अमन ने कुर्सी पर चढ़कर ताखे से थिनर की आधा लीटर की बोतल उतार ली। एक पड़ोसी के घर आने पर चांदनी के मुंह में बोतल देख पिता राजेश को सूचना दी।पिता राजेश ने बताया कि बोतल में मात्र 100 ग्राम थिनर बचा था और कुछ जमीन पर भी गिरा हुआ था। बच्ची के थिनर पीने के आशंका पर उसे निजी साधन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।जहां चिकित्सकों ने चांदनी को अपनी निगरानी में इलाज शुरू किया।
चिकित्सकों के मुताबिक अभी तक कोई गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं, लेकिन परिजनों को सांस लेने या किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है।
पिता राजेश ने बताया कि चांदनी उनके पांच बच्चों में चौथी संतान है और दोनों पैरों से दिव्यांग है।



