Sonbhadra News : जल्द ही पाँच मदरसों पर लग सकता है ताला, बेसिक स्कूलों में शिफ्ट किए जाएंगे छात्र
जिले में अवैध रूप से संचालित पाँच मदरसों पर जल्द ही ताला लग सकता है तथा वहाँ अध्ययनरत छात्रों क़ो बेसिक स्कूलों में दाखिल कराया जायेगा।

sonbhadra
3:49 PM, August 5, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
मो0नं0 - 7007444590
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश में चल रहे मदरसे एक बार फिर सीएम योगी के रडार पर आ गए हैं। अधिकारियों ने उन मदरसों की सूची बनानी शुरू कर दी है जो गैर पंजीकृत हैं। सोनभद्र जिले में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की रिपोर्ट में पाँच मदरसे अवैध रूप से संचालित पाए गए हैं। इन मदरसों में पढ़ने वाले छात्रों को पास के बेसिक स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा। बच्चों के शिफ्ट होते ही इन अवैध मदरसों पर जल्द ही ताला लगा दिया जाएगा।
बताते चलें कि जिले में कुल 28 मान्यता प्राप्त मदरसों का संचालन किया जा रहा है जिसमें 17 प्राथमिक (तहतानिया), 10 उच्च प्राथमिक (फ़ौकानिया) तथा एक माध्यमिक (आलिया) शामिल हैं।
दरअसल, सीएम योगी ने साल 2022 में उत्तर प्रदेश के सभी मदरसों का सर्वे करने के निर्देश दिए थे। शासन से निर्देश मिलते ही अफसरों ने मदरसों में जाकर सर्वे करना शुरू कर दिया था। अफसरों ने मान्यता प्राप्त और गैर मान्यता प्राप्त मदरसों में जाकर सर्वे किया और यह पता लगाने की कोशिश की कि इन मदरसों को कहां से फंड मिल रहा है? किस मदरसे में कितने बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं?
शासन के निर्देश पर मदरसों को किया जाएगा बंद -
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एस0एस0शर्मा ने बताया कि " शासन के निर्देश पर सर्वे कराया गया है, जिसमें सामने आया है कि जिले में कुल पाँच मदरसे गैर पंजीकृत हैं। इन्हें किसी बोर्ड या अन्य किसी तरह की मान्यता नहीं मिली है। इसमें जाँच के दौरान रॉबर्ट्सगंज के ब्रह्म नगर गाली नं0-4 स्थित मदरसा फ़ैजानी गोस पूर्व से ही बंद पाया गया। रॉबर्ट्सगंज के पूरब मोहाल स्थित मदरसा दारुल लूलूम में कुछ 64 छात्र, घोरावल स्थित मदरसा इस्लामिया अरबीया में 105 छात्र, ओबरा स्थित मदरसा इस्लामिया में 30 तथा दुद्धी स्थित मदरसा सिराजू लूलूम में 50 छात्र पंजीकृत पाए गए थे। उन्होंने बताया कि इन अवैध मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को नजदीक के बेसिक शिक्षा विद्यालयों में दाखिला दिलाया जाएगा। वहीं, शासन के निर्देश पर इन मदरसों के विरुद्ध अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।"




