Sonbhadra news : कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का हुआ निरीक्षण
विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया।

sonbhadra
8:10 PM, June 23, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज स्थित युवा डिजिटल लाइब्रेरी एवं शिफ्ट कंप्यूटर क्लासेस, ओबरा स्थित पूनम तनेजा मेमोरियल क्लासेस, स्काई कोचिंग सेंटर और भाभा कोचिंग सेंटर, वहीं दुद्धी क्षेत्र की द विजडम लाइब्रेरी, जया डिजिटल लाइब्रेरी तथा सक्सेस लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की स्थिति की जांच की तथा यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी उपकरण कार्यशील अवस्था में रहें। साथ ही आपातकालीन निकास मार्गों को अवरोधमुक्त रखने, सुरक्षा संकेतकों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि सभी शिक्षण संस्थान और लाइब्रेरी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, जिससे अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी आगे भी जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत बनाना है।




