Sonbhadra News : महिला थाना के सामने मकान में लगी आग, शू स्टोर को भारी नुकसान
दुकान के पीछे स्थित मकान के एक कमरे में आशुतोष दुबे किराये पर रहते हैं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे उनके कमरे में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। घटना के समय आशुतोष दुबे कमरे में मौजूद नहीं थे।

sonbhadra
8:12 PM, November 13, 2026
शान्तनु विश्वास
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर में महिला थाना के सामने शुक्रवार शाम एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से मकान में संचालित दीपक शू स्टोर में रखे जूते-चप्पल समेत अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। दुकानदार के अनुसार, घटना में लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, रेलवे फाटक के पास निवासी मनोज जायसवाल महिला थाना के सामने अवधेश चौबे के मकान में किराये पर जूता-चप्पल की दुकान संचालित करते हैं। दुकान के पीछे स्थित मकान के एक कमरे में आशुतोष दुबे किराये पर रहते हैं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे उनके कमरे में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। घटना के समय आशुतोष दुबे कमरे में मौजूद नहीं थे।
कमरे से आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई। वहीं कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने लगी।
महिला और बच्चे को सुरक्षित निकाला
मकान के सबसे ऊपरी हिस्से में महिला शालू अपने बच्चे के साथ कमरे में मौजूद थी। आग की स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आग की चपेट में आने से दीपक शू स्टोर में रखे जूते-चप्पल सहित अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। दुकानदार मनोज जायसवाल ने करीब 10 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान जताया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित टीम मामले की जानकारी जुटा रही है।




