Sonbhadra News : 18 जुलाई तक तय होगी मतदान केंद्रों की अंतिम तस्वीर, राजनीतिक दलों के साथ डीएम ने की अहम बैठक
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत जिले में मतदान केंद्रों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेज हो गई है। आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में सांसद, विधायकगण एवं मान्यता...

राजनीतिक दलों के साथ बैठक करते डीएम चर्चित गोंड......
sonbhadra
5:06 PM, July 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत जिले में मतदान केंद्रों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेज हो गई है। आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में सांसद, विधायकगण एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों से संबंधित प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद की चारों विधानसभा सीटों—घोरावल, रॉबर्ट्सगंज, ओबरा (अ.ज.जा.) एवं दुद्धी (अ.ज.जा.) के मतदान स्थलों का आलेख्य प्रकाशन 4 जुलाई को जिला वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया था। इसके बाद 12 जुलाई तक आमजन एवं राजनीतिक दलों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले में 1,563 मतदान स्थल और 973 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से कुल 21 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें 8 प्रस्तावों को आयोग के मानकों के अनुरूप स्वीकार कर लिया गया, जबकि 13 प्रस्ताव आवश्यक मानकों पर खरे न उतरने के कारण निरस्त कर दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदान केंद्रों एवं स्थलों का पुनः गंभीरता से अध्ययन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदान केंद्र के संबंध में कोई तार्किक सुझाव या आपत्ति शेष हो तो उसे अगले दो दिनों के भीतर लिखित रूप में जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें, ताकि परीक्षण के बाद 18 जुलाई, 2026 तक मतदान केंद्रों एवं स्थलों को अंतिम रूप दिया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मतदाता को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक मतदान व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी प्रस्तावों का निष्पक्ष परीक्षण कर आयोग के निर्धारित मानकों के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।




