Sonbhadra News : कलेक्ट्रेट में फाइलों को मिली डिजिटल रफ्तार, ई-ऑफिस प्रणाली पूरी तरह लागू
कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली अब कागजी फाइलों से निकलकर डिजिटल दौर में प्रवेश कर गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर कलेक्ट्रेट में ई-ऑफिस प्रणाली पूरी तरह लागू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत अब....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
5:04 PM, August 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• एक क्लिक पर मिलेगी फाइल की लोकेशन, निस्तारण में तेजी के साथ बढ़ेगी जवाबदेही
सोनभद्र । कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली अब कागजी फाइलों से निकलकर डिजिटल दौर में प्रवेश कर गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर कलेक्ट्रेट में ई-ऑफिस प्रणाली पूरी तरह लागू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत अब पत्रावलियों का संचालन डिजिटल माध्यम से होगा और अधिकारी एक क्लिक पर यह जान सकेंगे कि कोई फाइल किस स्तर पर लंबित है। इससे फाइलों की ट्रैकिंग आसान होने के साथ ही उनके समयबद्ध निस्तारण और प्रशासनिक पारदर्शिता को भी मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि "वह स्वयं पिछले एक सप्ताह से डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से ई-ऑफिस पर पत्रावलियों का निस्तारण कर रहे हैं। इस अवधि में 200 से अधिक फाइलें ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से पत्रावलियों की प्रभावी मॉनिटरिंग संभव होगी और फाइलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब की स्थिति पर भी आसानी से नजर रखी जा सकेगी।"
अब फाइल ढूंढने में नहीं लगेगा समय -
ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने से किसी फाइल की वर्तमान स्थिति जानने के लिए अलग-अलग पटलों या कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फाइल की पूरी मूवमेंट देखी जा सकेगी। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने में भी मदद मिलेगी इसके साथ ही महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी। कागजी पत्रावलियों के रखरखाव, उनके गुम होने अथवा एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक पहुंचने में लगने वाले समय जैसी समस्याओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
सभी विभागों को ई-ऑफिस से काम करने पर दिया जोर -
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों से अपील की है कि शासकीय पत्रों और पत्रावलियों का प्रेषण ई-ऑफिस के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल कार्यप्रणाली को अपनाने से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि "कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों से ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों एवं पत्रों का प्रेषण शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इससे फाइलों की ट्रैकिंग पहले की अपेक्षा काफी आसान होगी और प्रशासनिक कार्यों के निस्तारण में तेजी आएगी।"




