Sonbhadra News : मार्च में ही मई-जून की तपिश का अहसास, पारा 35 डिग्री पार
प्रदेश की ऊर्जा राजधानी के नाम से विख्यात जनपद सोनभद्र में मार्च के दूसरे सप्ताह में भी तपिश बरकरार है। मौसम ने ऐसा करवट लिया है कि लोगों को अभी से मई-जून जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। आज.....

sonbhadra
10:45 PM, March 13, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । प्रदेश की ऊर्जा राजधानी के नाम से विख्यात जनपद सोनभद्र में मार्च के दूसरे सप्ताह में भी तपिश बरकरार है। मौसम ने ऐसा करवट लिया है कि लोगों को अभी से मई-जून जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। आज सोनांचल अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब सात डिग्री ज्यादा है। हैरानी की बात यह है कि मार्च के पहले हफ्ते में 35 डिग्री का आंकड़ा पार करने का यह कम से कम 15 साल में पहला मामला है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि इससे पहले इतने जल्दी इतनी गर्मी नहीं पड़ी थी। इस अचानक बढ़ती गर्मी ने सोनांचलवासियों को परेशान कर दिया है।
इस बार गर्मी का असर जल्दी शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को अप्रैल और मई में तेज लू का सामना करना पड़ सकता है। गर्मी बढ़ने का असर केवल मौसम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका असर खेती, स्वास्थ्य और घरेलू खर्च पर भी देखने को मिल सकता है।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि तापमान बढ़ने से फसल भी प्रभावित होगी। पैदावार पर असर पड़ने की आशंका रहती है। दूसरी ओर, बढ़ती गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। समय रहते सावधानी बरतने से गर्मी के दुष्प्रभावों से काफी हद तक बचा जा सकता है। घरेलू स्तर पर भी गर्मी का असर दिखाई देने लगता है। तापमान बढ़ते ही लोग एसी, कूलर और पंखों का उपयोग जल्दी शुरू कर देते हैं।मौसम में तेजी से आ रहे बदलाव और लगातार बढ़ते तापमान का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है।
मार्च के शुरुआती दिनों में ही तापमान बढ़ने से वायरल संक्रमण, मियादी बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन दिनों अस्पतालों में आने वाले मरीजों में करीब 30 प्रतिशत मामले वायरल और मियादी बुखार के सामने आ रहे हैं।



