Sonbhadra news : खदान क्षेत्र में डीजल चोरी की आशंका, बोलेरो छोड़ भागे संदिग्ध
एनसीएल बीना परियोजना के प्रतिबंधित खदान क्षेत्र में कथित रूप से डीजल चोरी की नीयत से घुसे संदिग्धों के मामले में बीना पुलिस और एनसीएल सिक्योरिटी विभाग ने कार्रवाई की।

sonbhadra
5:52 PM, September 21, 2026
संजय भारती (संवाददाता)
बीना, सोनभद्र। एनसीएल बीना परियोजना के प्रतिबंधित खदान क्षेत्र में कथित रूप से डीजल चोरी की नीयत से घुसे संदिग्धों के मामले में बीना पुलिस और एनसीएल सिक्योरिटी विभाग ने कार्रवाई की। रविवार देर रात संदिग्धों का पीछा करते हुए टीम ने बांसी के समीप मुख्य हाईवे से एक बोलेरो नियो वाहन को कब्जे में लिया। हालांकि, वाहन में सवार संदिग्ध मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
बीना चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, परियोजना गेट के सामने दो लोग संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े दिखाई दिए। पूछताछ के लिए पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। उनका पीछा करने पर वे बोलेरो लेकर बांसी की ओर निकल गए और बाद में वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, वाहन की तलाशी के दौरान उसके अंदर डीजल फैला मिला। बोलेरो के आगे नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। इन परिस्थितियों के आधार पर वाहन के डीजल चोरी में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं एनसीएल प्रबंधन का कहना है कि बोलेरो कृष्णशिला क्षेत्र की ओर से खदान परिसर में दाखिल हुई थी। मामले की जांच के साथ ही खदान के अनुपयोगी रास्तों का निरीक्षण कर उन्हें बंद करने की प्रक्रिया पर भी काम किया जा रहा है।
बीना पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार संदिग्धों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




