Sonbhadra News : बेटे के असामयिक निधन से पिता बेसुध,अधिकारी बन देश सेवा की सपना रह गई अधूरी
इसी लक्ष्य को लेकर वह निरंतर मेहनत और लगन के साथ अपने भविष्य को संवारने में जुटे हुए थे। परिवार के लोगों को भी उनसे काफी उम्मीदें थीं और सभी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे थे।

sonbhadra
2:35 PM, November 29, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के केवाल गांव के ग्राम प्रधान दिनेश यादव के 29 वर्षीय सुपुत्र रुद्र प्रताप यादव का पीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हंसमुख, सरल स्वभाव और मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी रुद्र प्रताप के निधन से गांव और आसपास के लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।
रुद्र प्रताप यादव बचपन से ही मेधावी और प्रतिभाशाली विद्यार्थी थे। उन्होंने नवोदय विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की थी। उनका सपना सिविल सर्विसेज में अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करना तथा अपने परिवार का नाम रोशन करना था। इसी लक्ष्य को लेकर वह निरंतर मेहनत और लगन के साथ अपने भविष्य को संवारने में जुटे हुए थे। परिवार के लोगों को भी उनसे काफी उम्मीदें थीं और सभी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे थे।
सबसे मार्मिक पहलू यह है कि पिता दिनेश यादव ने अपने बेटे को एक दिन बड़ा अधिकारी बनते देखने का सपना संजोया था। उन्हें उम्मीद थी कि रुद्र प्रताप अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर सिविल सर्विसेज में सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे, लेकिन नियति के क्रूर प्रहार ने परिवार की इन तमाम उम्मीदों पर विराम लगा दिया। जिस बेटे के उज्ज्वल भविष्य के सपने पिता ने संजोए थे, उसका इस तरह असमय दुनिया से चले जाना पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बन गया है।
रुद्र प्रताप का निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए गहरा आघात है, जो उनके सरल स्वभाव, विनम्र व्यवहार और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं से परिचित थे।
इस दुखद घटना पर क्षेत्र के लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई है। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा इस कठिन समय में पिता दिनेश यादव सहित पूरे परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति और संबल दें।




