Sonbhadra News : अभी पिता के मौत का कार्यक्रम बीता भी नहीं, बेटा चक्की के पट्टे में फंसकर हो गया घायल, रेफर
मरीज की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

sonbhadra
8:27 PM, October 1, 2026
धर्मेंद्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। कहते हैं जब विपदा आती है तो चारो तरफ से आती है। सुरेन्द्र यादव के साथ भी नियति ने यही खेल खेला। सुरेंद्र के पिता अयोध्या प्रसाद की कुछ दिन पहले ही हार्ट अटैक से मृत्यु हो गयी थी, आगामी 4 अक्टूबर को दसवां व भोज का कार्यक्रम है। सुरेन्द्र उसी कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्था में जुटे हुए थे कि आज दोपहर आटा चक्की के पट्टे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक विंढमगंज थाना क्षेत्र के बोम गांव में गुरुवार दोपहर आटा चक्की चलाने के दौरान पट्टे की चपेट में आने से 28 वर्षीय सुरेन्द्र यादव पुत्र स्व. अयोध्या प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
सीएचसी दुद्धी के चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में युवक का बायां पैर जांघ पट्टे से कुचल गया है और सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा दोनों पैरों में फ्रैक्चर की आशंका है। मरीज की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
हफ्तेभर के भीतर दूसरे बड़े हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




