Sonbhadra News : घरेलू विवाद में पुत्र के वार से पिता की मौत, आरोपी हिरासत में
पकरी गांव में रविवार देर रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

sonbhadra
10:57 AM, June 22, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज(सोनभद्र) । थाना क्षेत्र के पकरी गांव में रविवार देर रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पकरी गांव निवासी श्रीनाथ और उनके पुत्र सोनू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पुत्र सोनू 25 वर्ष ने अपने पिता श्रीनाथ 52 वर्ष के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल घायल श्रीनाथ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. सतेंद्र ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी पुत्र सोनू को हिरासत में लेकर थाने ले गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




