Sonbhadra news : डूभा बाजार में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर
रात एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल से वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

sonbhadra
1:39 PM, July 29, 2026
राजेश कुमार (संवाददाता)
बभनी (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के डूभा बाजार में मंगलवार देर रात एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल से वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार डूभा गांव निवासी प्रिंस कुमार (23), पुत्र बिगन प्रसाद, मंगलवार रात घर से टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान डूभा बाजार के पास अज्ञात लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रिंस सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गए।
सीएचसी म्योरपुर में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत चिंताजनक बनी रहने पर बेहतर उपचार के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि घायल युवक के पिता डूभा बाजार में कपड़े के व्यवसायी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और हमले के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, हमला किस वजह से हुआ और इसमें कौन लोग शामिल थे, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि घटना की औपचारिक सूचना अभी थाने को प्राप्त नहीं हुई है। सूचना मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




