Sonbhadra News : किसानों को तहसीलों के चक्कर से मिलेगी राहत, नाम संशोधन प्रक्रिया होगी आसान
किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने किसान रजिस्ट्रेशन एवं आईडी में नाम संशोधन की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने समस्त उप.....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
6:15 PM, May 26, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डीएम चर्चित गौड़ ने तय समय सीमा में कार्यवाही के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय
सोनभद्र । किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने किसान रजिस्ट्रेशन एवं आईडी में नाम संशोधन की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसानों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें और नाम संशोधन के मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
दरअसल, जनपद में उर्वरक, कीटनाशक एवं अन्य कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसान रजिस्ट्रेशन एवं किसान आईडी आवश्यक हो गई है। लेकिन कई किसानों के नाम एवं पते राजस्व अभिलेखों की खसरा-खतौनी में अलग-अलग दर्ज होने अथवा सिंह, कुमार, देवी, रानी, कुमारी जैसे उपनामों में भिन्नता होने के कारण उन्हें नाम संशोधन के लिए बार-बार तहसील का चक्कर लगाना पड़ रहा था। इस संबंध में किसानों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसान हित सर्वोपरि है और नाम संशोधन की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल एवं निश्चित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशान न किया जाए और राजस्व कर्मियों द्वारा उन्हें बार-बार दौड़ाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए।
डीएम ने निर्देशित किया कि आवेदन प्राप्त होने से लेकर नाम संशोधन पूर्ण होने तक की समय सीमा तय कर उसका कड़ाई से पालन कराया जाए साथ ही लेखपाल, कानूनगो एवं नायब तहसीलदार स्तर पर लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




