Sonbhadra News : नम आंखों से मां दुर्गा को दी गई विदाई, धंधरौल बांध में हुआ प्रतिमा विसर्जन
इस दौरान पूजा समितियों के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मां से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल रहे।

sonbhadra
8:57 PM, October 21, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र)। क्षेत्र के चुर्क बाजार एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में शारदीय नवरात्र के दौरान स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन करने के बाद धंधरौल बांध में विसर्जन किया गया।
पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की प्रतिमाओं को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विदाई दी। इस दौरान पूजा समितियों के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मां से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल रहे। कई श्रद्धालु भावुक हो उठे।
विसर्जन से पूर्व समितियों के पदाधिकारियों ने पूजा के दौरान हुई किसी भी भूल-चूक के लिए क्षमा प्रार्थना की और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना करते हुए क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
मां की विदाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। नौ दिनों तक पूजा-पंडालों में गूंजने वाले भक्ति गीतों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने मां को भावभीनी विदाई दी। विसर्जन के साथ ही दुर्गा पूजा उत्सव का समापन हो गया।
इस बार मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन काफी सक्रिय रहा। देर रात तक चले विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए धंधरौल बांध पर और उसके आसपास के क्षेत्र में लाइट की व्यवस्था की गई थी, तथा पुलिस प्रशासन चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा।




