Sonbhadra news : प्रसिद्ध बेचुबीर मेले का पूजा-अर्चना के साथ समापन
तीन दिवसीय मेला 20 नवंबर की भोर में मझरी बजने के बाद पूजा-अर्चना के साथ सकुशल सम्पन्न हो गया।

sonbhadra
3:54 PM, November 20, 2026
राकेश चौबे
★ तीन दिवसीय मेले में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से उमड़े श्रद्धालु, चौरा पर माथा टेक मांगी मनोकामना
मारकुंडी (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मारकुंडी टोला कोनियवां स्थित आदिवासी बहुल क्षेत्र के प्रसिद्ध आस्था और विश्वास के केंद्र बेचुबीर धाम में आयोजित तीन दिवसीय मेला 20 नवंबर की भोर में मझरी बजने के बाद पूजा-अर्चना के साथ सकुशल सम्पन्न हो गया। मेले का आयोजन ग्राम प्रधान उधम सिंह यादव के कुशल नेतृत्व में किया गया।
इस संबंध में पुजारी सूरज यादव ने बताया कि बेचुबीर धाम में पहाड़ी और ग्रामीण अंचलों के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बेचुबीर धाम के चौरा पर माथा टेककर अपनी-अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। मेले में विशेष रूप से भूत-प्रेत बाधा से परेशान लोगों की बड़ी संख्या रही, वहीं संतान की कामना लेकर पहुंची महिलाओं ने भी धाम में श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की।
तीन दिनों तक चले इस मेले में सोनभद्र जनपद के अलावा अन्य जनपदों और आसपास के आदिवासी बहुल क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़े इस मेले का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर राजकुमार यादव समाजसेवी, राजराम यादव, बचऊ, सुरेश अगरिया, सुनील, जयमत, फागु, रामधनी यादव, विजय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




