Sonbhadra News : कतर के दोहा शहर में फँसे युवक के परिजनों ने सुरक्षित वापसी की लगाई गुहार
बीते वर्ष फरवरी - मार्च के महीने में एक वर्ष के वीजा पर कतर के दोहा शहर में काम करने गया था युवक

सोनभद्र
6:13 PM, March 17, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ ग्राम पंचायत निवासी धर्मेंद्र कुमार कनौजिया (करीब 30 वर्ष) के विदेश में फंसे होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह पिछले वर्ष फरवरी-मार्च में एक साल के वीजा पर कतर के दोहा शहर काम करने गया था, जिसका वीजा 6 मार्च को समाप्त हो गया। इसके बाद 7 मार्च को उसकी भारत वापसी की फ्लाइट निर्धारित थी, लेकिन मौजूदा हालात के चलते उड़ान रद्द होने की बात सामने आई है, जिससे वह वापस नहीं लौट सका।
युवक ने परिजनों को फोन पर बताया कि वहां की स्थिति को लेकर डर और तनाव का माहौल बना हुआ है, जिससे वह काफी परेशान है। घर से दूर होने के कारण परिवार की याद भी लगातार सता रही है। युवक और उसके परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुरक्षित भारत वापसी की गुहार लगाई है। वहीं परिवार के लोग अपने बेटे की सकुशल वापसी के लिए लगातार प्रार्थना कर रहे हैं।




